MP Kisan App: अब किसान खुद अपने फोन से कर सकते हैं अपनी फसल की गिरदावरी, यहां जाने कैसे

MP Kisan App: मेरी गिरदावरी-मेरा अधिकार के तहत अब किसान खुद अपनी फसल की गिरदावरी कर पाएंगे। एक अगस्त से किसान एमपी किसान एप पर इसे दर्ज करा सकेंगे व अपनी फसल की जानकारी दे सकेंगे।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा जारी की गई विज्ञप्ति के अनुसार रबी मौसम में वर्ष 2022-23 में गिरदावरी के संबंध में एआई सेटलाईट इमेज, एमपी किसान एप पर कृषक द्वारा अपलोड की गई व हल्का पटवारी द्वारा की गई ग्राम की गिरदावरी कार्य में पायी जाने वाली विसंगति के संबंध में समस्त कृषकों द्वारा एमपी किसान एप के माध्यम से बोई गई फसल को स्वीकार किया जाएगा।
MP Kisan App से कैसे कर सकते है किसान ऑनलाइन गिरदावरी
पटवारी सोहबत धुर्वे ने बताया कि मेरी गिरदावरी-मेरा अधिकार में किसान को यह सुविधा उपलब्ध करवाई गई है कि वे अपने खेत से ही स्वयं फसल की जानकारी एमपी किसान एप पर दर्ज कर अपने आप को रजिस्टर सकते हैं।
इस एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। किसान एप पर लॉगिन कर फसल स्व-घोषणा, दावा आपत्ति ऑप्शन पर क्लिक कर अपने खेत को जोड़ सकते हैं। खाता जोड़ने के लिए प्लस ऑप्शन पर क्लिक कर जिला/तहसील/ग्राम/खसरा आदि का चयन कर एक या अधिक खातों को जोड़ा जा सकता है।
खाता जोड़ने के बाद खाते के समस्त खसरा की जानकारी एप में उपलब्ध होगी। उपलब्ध खसरा की जानकारी में से किसी भी खसरे पर क्लिक करने पर एआई के माध्यम से संभावित फसल की जानकारी उपलब्ध होगी।
किसान के सहमत होने पर एक क्लिक से फसल की जानकारी को दर्ज किया जा सकेगा। संभावित फसल की जानकारी से असहमत होने पर खेत में बोई गई फसल की जानकारी खेत में उपस्थित होकर लाइव फोटो के साथ दर्ज की जा सकती है।